एनएच-28 पर कई जगह हैं अनधिकृत कट, होती हैं दुर्घटनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। हाटा बस स्टेशन के पास अनधिकृत रूप से बनाए गए कट पर बुधवार को सुबह सेब लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। वह सर्विस लेन से मुख्य लेन पर चढ़ने के लिए बनाए गए अनधिकृत कट से चढ़ रहा था। वहां सर्विस लेन पर गिट्टी डालकर मुख्य लेन पर चढ़ने के लिए संपर्क मार्ग बनाया गया है, जिससे खतरनाक हो गया है। इसके पहले भी यहां कई वाहन अनियंत्रित होकर पलट चुके हैं। यही नहीं सुकरौली से लेकर सलेमगढ़ तक एनएच पर कई ऐसे अनाधिकृत कट और तीव्र मोड़ स्थान हैं, जहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
सेब लदा ट्रक पलटा, चालक और खलासी को आईं मामूली चाेटें
हाटा। बुधवार की सुबह गोरखपुर की ओर से एक ट्रक सेब लेकर बिहार की ओर जा रहा था। उसी समय फोरलेन ओवरब्रिज पर सड़क मरम्मत के लिए ट्रैफिक को सर्विस लेन की ओर डायवर्ट किया गया था। बस स्टेशन के पास सर्विस लेन पर गिट्टी डालकर चार फीट ऊंची मेन लेन पर चढ़ने के लिए अनधिकृत रूप से अप्रोच बनाया गया है। उसी से ट्रक चालक मेन लेन पर ट्रक चढ़ा रहा था। उसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रक चालक और खलासी को मामूली चोटें आईं। लोगों की मदद से दोनों को ट्रक से बाहर निकाला गया।
काजीपुर गांव के सामने अक्सर होती हैं दुर्घटनाएं
पटहेरवा। नेशनल हाईवे पर स्थित काजीपुर गांव के सामने क्राॅसिंग से लेकर पुल के आगे तक आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती हैं। कभी बालू से भरा ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर पुल में गिरता है तो कभी अंडे से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 15 फीट नीचे गड्ढे में पलट जाता है। इन दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि अनेक घायल भी हुए हैं।
दस मई की देर रात मुर्गी का दाना लेकर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए पुल में लटक गया था, जिसमें चालक छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया था। 8 अप्रैल को तमकुहीराज की तरफ से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल के पास ही पटल गया, जिसमें चालक राजन सहित सहचालक घायल हो गए थे। काजीपुर क्रॉसिंग से पुल के आगे तक करीब तीन सौ मीटर की दूरी की बात की जाए तो चौराहे पर ही कुछ माह पूर्व एक पिकअप ट्रक में घुस गया था।
वहीं, तमकुहीराज से आ रहे बाइक सवार दंपती को पिकअप ने ठोकर मार दी थी। इससे पांच वर्षीय बच्ची और उसकी मां की मौत हो गई थी, जबकि पिता घायल हो गए थे। वहीं पुल के पास ही कुछ दिन पूर्व अंडा लदा ट्रक पलट गया, जिससे लाखों रुपये का व्यवसायी का नुकसान हुआ था। एनएच-28 पर इस तरह कई दुर्घटनाएं अनधिकृत कट, तीव्र मोड़ और क्राॅसिंग पर हो चुकी हैं।