बोदरवार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बोदरवार के दक्षिणी छोर पर लगी आग के चलते कप्तानगंज-पिपराइच मुख्य मार्ग दो घंटे तक बाधित रहा। दमकल, पीआरवी व स्थानीय लोगों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। बुधवार को तकरीबन चार बजे पटेल राइस मिल के बगल में अचानक बहुत तेज धुआं और लपटें उठने लगीं। बाजार का दिन होने के नाते जल्दी ही लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया और लोग आग पर काबू पाने का असफल प्रयास करने लगे। तभी दमकल और पीआरबी पुलिस की दो गाड़ियां भी पहुंच गईं और आग बुझाने लगीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बगल में खुली कबाड़ की दुकान के गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण ही आग भड़क उठी। दक्षिणी छोर पर लगी आग के चपेट में दो-दो पेट्रोल पंप और दो-दो राइस मिलें आ सकती थीं। लेकिन लोगों की सक्रियता, दमकल व पुलिस की तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।