फुटपाथ पर अतिक्रमण, बेतरतीब वाहनों से लग रहा जाम
- सड़कों के किनारे लगने वाली दुकानों से बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। नगर के भीतर जाम की समस्या से लोग परेशान हैं। सड़कों के किनारे अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों से असुविधा हो रही है। सोमवार को भी दिनभर नगर में जाम लगा रहा।
नगर के गांधी चौक, सपहा रोड, बस स्टेशन रोड, देवरिया मार्ग, गोला बाजार, ओवरब्रिज आदि चौराहों पर पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां पर लोग अपने वाले चार पहिया, दो पहिया सहित अन्य वाहनों को सड़क पर खड़ी कर देते हैं। टेंपो और ई रिक्शा के चालक दोनों तरफ अपने-अपने वाहन खड़े करके सवारी बैठाते हैं, जिससे जाम लगा रहता है। चौराहों पर मौजूद ट्रैफिक, पुलिसकर्मी और होमगार्ड के जवान चौराहे के संचालन के अतिरिक्त कहीं ध्यान नहीं देते हैं।
इस वजह से चौराहे के आसपास भी उनकी मौजूदगी का कोई असर नहीं पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल और कोचिंग जाने वाले विद्यार्थियों को उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से की है।
इस संबंध में सीओ कसया कुंदन सिंह ने बताया कि नगर में वाहनों के सवारी भरने की जगह चिह्नित की गई है। यदि कोई वाहन चालक मुख्य मार्ग पर सवारी बैठा रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।