फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: चिलचिलाती धूप के बीच लगा जाम, पसीने से तर-बतर हुए राहगीर

Tue, 09 Apr 2024 03:41 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पडरौना। सूरज की तपिश बढ़ने के साथ ही सोमवार को पडरौना शहर में सुबह 9 बजे के बाद से भीषण जाम लगने लगा। जाम का यह सिलसिला 9 बजे से शुरू होकर दोपहर बाद 3 बजे तक रहा। इसके बाद फिर शाम पांच बजे से मेन बाजार की सड़कों पर भी वाहनों की रफ्तार जाम के कारण धीमी पड़ने लगी। दिन के वक्त 39 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाम लगनेे से तल्ख धूप के बीच राहगीर पसीने से तर-बतर हो गए। वहीं, ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने का दावा करने वाली ट्रैफिक व्यवस्था लड़खड़ा गई। तेज धूप की वजह से दोपहर में होमगार्ड और ट्रैफिक पुलिस भी सड़क किनारे दुकानों या पेड़ों की छांव में खड़े नजर आए।
विज्ञापन

सोमवार की सुबह शहर के चारों हिस्सों में जाम लगने का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह 9 बजे के बाद अंबे चौक बाईपास के समीप वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बिहार प्रांत को जाने वाली गाड़ियों का पहिया अंबे चौक से आगे खिरकिया मार्ग पर थम गया। यहां जाम में फंसे लोग जैसे-तैसे गलियों के रास्ते होकर शहर के बीचों-बीच इलाके में पहुंचे। दिन के करीब 10 बजे से 11 बजे तक तिलक चौक से लेकर कोतवाली रोड, धर्मशाला रोड पर तेज धूप के बीच राहगीर जाम में फंस गए। धर्मशाला रोड की स्थिति यह रही कि लोगों को जाम के बीच पैदल चलने में भी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। 11 बजे के करीब ही पैसेंजर ट्रेन गुजरने के कारण शहर के तीनों मुख्य रेलवे क्रासिंग बंद हो गए। इस वजह से भी लोग क्राॅसिंग के बैरियर पर फंस गए और उन्हें 39 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच तकरीबन 20 से 25 मिनट तक परेशान होना पड़ा। बैरियर को पार करने के बाद जब लोग दिन के 11.30 बजे सुभाष चौक पर पहुंचे तो यहां भी बड़े गाड़ियों के पीछे उन्हें जाम में फंसना पड़ा। रामकोला रोड की स्थिति यह थी कि यहां बाइक व चार पहिया वाहन तो दूर पैदल चलने में भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दोपहर 12 बजे कठकुइयां मोड़ से लेकर छावनी तहसील गेट तक लगे जाम के बीच राहगीरों के वाहनों का पहिया थम गया। वहीं, बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था का दावा करने वाली यातायात पुलिस के जवान कहीं पर भी नजर नहीं आये। उनकी जगह पर होमगार्ड के जवान यातायात व्यवस्था को संभालते दिखे। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि सोमवार की वजह से शहर में भीड़ अधिक थी। जाम को खत्म कराने के लिए जगह-जगह सिपाहियों और होमगार्डों की ड्यूटी लगाई गई थी।
-
सड़क की पटरियों पर रोडवेज की बसें, कॉम्पलेक्स के पास पार्किंग नहीं
शहर के सुभाष चौक, रामकोला रोड व कठकुइयां मोड़ के समीप जाम की एक प्रमुख वजह रोडवेज की बसों का सड़क की पटरियों पर खड़ा होना है। जबकि यहां बने शॉपिंग कॉम्पलेक्स के सामने पार्किंग तक की सुविधा नहीं है। यहां खरीदारी करने आने वाले ग्राहक अपनी गाड़ियों को पटरियों पर ही खड़ी कर देते हैं। बेतरतीब खड़ी गाड़ियों के कारण जाम की समस्या उत्पन्न होती रहती है। दूसरी ओर, ई-रिक्शा के लिए शहर में कहीं पार्किंग अथवा स्टैंड की व्यवस्था नहीं है। चालक सड़क पर ई-रिक्शा खड़ी कर सवारी बैठाते हैं।
विज्ञापन

-
पडरौना शहर में जाम की समस्या अब गंभीर होने लगी है। शहर में जाम से निजात दिलाने के लिए जिम्मेदार कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। गर्मी और तेज धूप के बीच जाम में घंटों फंसकर परेशान होना पड़ रहा है। -अंकित सिंह, राहगीर
-
जाम के झाम में फंसकर न सिर्फ घंटों परेशान होना पड़ रहा है बल्कि कई जरूरी काम भी जाम के कारण नहीं हो पा रहा है। जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस को कुछ जरूरी कदम उठाना चाहिए। -गोवर्धन, राहगीर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें