मंसाछापर। क्षेत्र के डुमरी सहोदर पट्टी गांव के पास खेसिया खांखड़ टोला-हिरनही मार्ग पर करीब एक वर्ष पूर्व ह्यूम पाइप लगाकर बनाई गई पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे लोगों का आवागमन ठप हो गया है। पुलिया के पास जलभराव से बगल में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय डुमरी सहोदर की चहारदीवारी भी गिर गई है। गांव के लोगों ने पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।
क्षेत्र में अत्यधिक बारिश के चलते खेसिया खांखड़ टोला-हिरनहीं मार्ग पर ह्यूम पाइप लगाकर बनाई गई पुलिया में जलभराव हो गया है। बारिश के पानी के दबाव से बुधवार की भोर में पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। इसके दोनों तरफ बनी दीवार भी टूट गई है। इससे लोगों का आवागमन ठप हो गया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजीव मिश्रा ने बताया की अत्यधिक बरसात से पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। स्कूल की बाउंड्री पुरानी थी। वह भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।