छात्र की मौत के बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों समझाती पुलिस।
तुर्कपट्टी। स्कूल से घर लौट रहे छात्र को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेना चाहा तो नाराज लोगों ने विरोध कर दिया और ट्रैक्टर मालिक को बुलाने की मांग करने लगे। शाम तक पुलिस और भीड़ जमी रही। घायल चालक का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवा सुकदेव निवासी 14 वर्षीय अनिकेतन चौहान बेलवा बुजुर्ग के एक निजी स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। बृहस्पतिवार को वह स्कूल गए थे, 11 बजे साइकिल से लौटते समय छहूं-जोकवा मार्ग पर बरवा नहर के पास दक्षिण दिशा से आ रही ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर नहर की पटरी से नीचे खेत में पलट गई। ट्रैक्टर में दबकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस से छात्र को जिला अस्पताल भेजा। गंभीर हालत देख डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज जाते समय रास्ते में छात्र की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक विशुनपुरा थाना क्षेत्र के शिवपुरा निवासी राजा हुसैन का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। छात्र की मौत की सूचना मिलते ही गांव वाले उग्र हो गए। घर वालों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस शाम तक मौके पर जमी रही और लोग ट्रैक्टर मालिक को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। एहतियात के तौर पर पुलिस मौके पर मौजूद रहे।
अनिकेतन दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई पिता के साथ लुधियाना में रहता है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर चालक का इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।