जौरा बाजार। पटहेरवा थाना क्षेत्र के फाजिलनगर बघौचघाट मार्ग पर बुधवार को एक सरिया लदी ट्रैक्टर ट्राॅली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में चली गई, जिससे ट्राॅली पर लदी सरिया ट्रैक्टर के ऊपर आ गई। ट्रैक्टर चालक वाहन में फंस गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए भर्ती कराया गया। चौराखास थाना क्षेत्र के गांव बंजारी पट्टी निवासी 45 वर्षीय मंजूर अली बिहार के कटेया से ट्रैक्टर ट्राॅली पर सरिया लोडकर फाजिलनगर एक व्यापारी के यहां गिराने जा रहे थे। फाजिलनगर छठियांव स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के पास ट्रैक्टर ट्राॅली अनियंत्रित होकर गड्ढे में चली गई। ट्रैक्टर के गड्ढे में गिरते ही ट्राॅली पर लोड सरिया एक ही झटके में ट्रैक्टर के ऊपर चली गई, जिससे चालक मंजूर गंभीर रूप से घायल हो गया।