कुशीनगर। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थली में बुधवार को श्रीलंका, वियतनाम समेत कई देशों के पर्यटकों का दिनभर आवागमन लगा रहा। भंते नंद रतन के नेतृत्व में पहुंचे पर्यटकों ने महापरिनिर्वाण मंदिर में तथागत बुद्ध की लेती प्रतिमा पर चीवर चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की गई। सुबह से ही विदेशी पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला महापरिनिर्वाण मंदिर, माथा कुंवर मंदिर और रामाभार स्तूप परिसर में शुरू हो गया। पर्यटकों ने बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर उनके ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी ली। दिनभर विभिन्न बौद्ध स्थलों का भ्रमण करने के बाद पर्यटक शाम को लुंबिनी के लिए रवाना हुए। भंते नंद रतन ने कहा कि कुशीनगर तथागत बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली है। यहां आकर श्रद्धालुओं को शांति और करुणा का संदेश मिलता है। तथागत के बताए मार्ग पर चलकर ही विश्व में शांति और मानव कल्याण की भावना को मजबूत किया जा सकता है। संवाद