कसया। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थली कुशीनगर स्थित महापरिनिर्वाण मंदिर में इन दिनों देश-विदेश के पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी हुई है। सोमवार को श्रीलंका, वियतनाम समेत विभिन्न देशों से पहुंचे पर्यटकों ने तथागत बुद्ध की लेटी प्रतिमा के दर्शन-पूजन कर शीश नवाया।पर्यटकों ने महापरिनिर्वाण मंदिर में चीवर चढ़ाकर पूजा-अर्चना की और मानव कल्याण व विश्व शांति की कामना की। इसके बाद पर्यटकों ने मंदिर परिसर और आसपास स्थित बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर उनके इतिहास और महत्व की जानकारी ली। महापरिनिर्वाण मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक पहुंच रहे हैं। इनमें श्रीलंका, वियतनाम सहित अन्य बौद्ध देशों के पर्यटकों की संख्या प्रमुख है। पर्यटक यहां तथागत बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली के दर्शन कर शांति और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त कर रहे हैं। संवाद