12वीं में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टाप करने पर अमृतांशु सिंह को मिठाई खिलातीं मां और दादी
पडरौना। सीआईएससीई परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद मेधावियों में खुशी का माहौल है। 12वीं के टॉपर डाॅक्टर, तो 10वीं की टाॅपर आईएएस बनना चाहती हैं। इन मेधावियों को मिली इस सफलता पर उनके अभिभावकों को गर्व है।
नगर के उदित नारायण इंटर कॉलेज में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता अजय कुमार सिंह के पुत्र अमृतांशु सिंह आईएससी (12वीं) परीक्षा में 98 फीसदी अंक हासिल कर जिला टॉप किया है। अमृतांशु बताते हैं कि वे पिता के मार्ग दर्शन में घर पर ही पांच से छह घंटे नियमित पढ़ाई करते हैं। रविवार को सप्ताह भर की गई पढ़ाई का रिविजन करते हैं। पढ़ाई के इस समय सारिणी में किसी भी परिस्थिति में बदराव नहीं करते हैं। उन्होंने बताया की वर्ष 2021 में बड़े भाई अमृतेश सिंह ने नीट उत्तीर्ण कर केजीएमयू में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू की। उस समय कक्षा 9वीं की पढ़ाई कर रहे थे। बड़े भाई को मिली सफलता के बाद मैंने भी डॉक्टर बनने की ठान ली। इसके बाद लक्ष्य बनाया और मन लगाकर ईमानदारी से पढ़ाई शुरू की। इसमें पिता के अलावा मां विजय लक्ष्मी सिंह समेत परिवार के अन्य लोग भी समय-समय पर उत्साह वर्धन करते रहे। उन्होंने बताया कि वे बीते पांच मई को हुई नीट परीक्षा में शामिल हुए थे। इस परीक्षा में भी बेहतर अंक मिलने की उम्मीद है।
इसी तरह 99 प्रतिशत अंक हासिल कर सीआईएससीई की 10वीं टॉपर अर्चिता मिश्रा आईएएस बनना चाहती हैं। इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रतिदिन छह से सात घंटे तक पढ़ाई की। यदि किसी विषय में नंबर कम आया तो माता-पिता ने उन्हें हौसला देकर आगे बेहतर करने की सीख दी। इसका परिणाम दसवीं की परीक्षा में देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि वे हमेशा सोशल मीडिया से दूर रहती हैं।