पडरौना। पढ़ाई में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए माध्यमिक और परिषदीय विद्यालयों में पाक्षिक और साप्ताहिक रैंकिंग होगी। इसमें सर्वाधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक माहौल बनाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के अलावा शिक्षक के शैक्षिक कार्य का आंकलन करना है। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले के माध्यमिक विद्यालयाें और परिषदीय विद्यालयों में जुलाई से साप्ताहिक और पाक्षिक परीक्षा का आयोजन होगा। इस परीक्षा की रैंकिंग में टॉप करने वाले छात्रों और उत्कृष्ठ कार्य कर विद्यालय में बेहतर शैक्षिक माहौल बनाकर गुणवत्तापरक शिक्षा देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान समारोह में जिले के टॉप विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में सबसे अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्र शामिल होंगे। विभाग की तरफ से इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बोर्ड परीक्षा में जिले के टाप टेन की सूची में शामिल विद्यार्थियों के आसपास के विद्यालयों की सूची बनाई जा रही है, ताकि उन्हें विद्यालय जाने में अधिक परेशानी न हो।