तेंदुए की सूचना पर पहुंचती है टीम, पदचिह्न का फोटो खींचकर लौट जाती है
गांव वालों में नाराजगी, पूरे दिन नाहर छपरा गांव में जमी रही टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। नाहर छपरा गांव में डेरा जमाए तेंदुए को पकड़ने के लिए शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगा दिया है। कई महीनों से लोग तेंदुए की चहलकदमी से दहशत में हैं। गांव में वन विभाग की टीम पूरे दिन जमी रही।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल नाहर छपरा और बकुलहा गांव के सरेह में पिछले कई महीने से तेंदुए की चहलकदमी से लोग दहशत में हैं। कभी-कभार रात में तेंदुआ दिखने पर वन विभाग की टीम सूचना पर पहुंचती है। कांबिंग के दौरान टीम को तेंदुआ तो नहीं उसके पदचिह्न दिखते हैं।
चार दिन पूर्व नाहर छपरा गांव में रात को गांव के कुछ लोगों ने तेंदुए को देखा था। शोर मचाने के बाद वह कहीं छिप गया। दूसरे दिन वन विभाग की टीम पहुंची, काफी तलाशी के बाद भी तेंदुए का पता नहीं चला। इसकी वजह से गांव वाले शाम होते ही घरों से बाहर निकलने से घबरा रहे हैं। वन विभाग की टीम गांव में पहुंची।
लोगों की मांग पर वन विभाग ने नाहर छपरा गांव में पिंजरा लगा दिया। वन विभाग की टीम ने लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है। पूरे दिन टीम गांव में जमी रही। वन दरोगा रामध्यान पांडेय ने बताया की तेंदुए की जानकारी नहीं मिल पा रही है। गांव वालों को कभी-कभी दिखता है। पिंजरा लगाया गया है, मौके पर टीम के साथ कांबिंग की जा रही है।