पडरौना। कसया नगर के वार्ड नंबर 26 शहीद अमित त्रिपाठी नगर में सोमवार की रात समय करीब रात 8:30 बजे बाइक सवार बदमाशों ने असलहा दिखाकर टाइल्स कारोबारी से 55 हजार रुपये लूट लिया। दुकान बंद कर कारोबारी घर जा रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, गिरजेश मिश्रा कसया नगर के पडरौना मार्ग पर टाइल्स की दुकान चलाते हैं। सोमवार को दुकान बंद कर नवीन मंडी गली स्थित अपने आवास पर जा रहे थे। गेट पर पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने असलहा दिखाकर 55 हजार रुपये व गले में पहने सोने की चेन लूट ली। कारोबारी के अनुसार, बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग भी की। सूचना पर एसएचओ ने जांच पड़ताल की। घटना से पूरे मोहल्ले में भय का माहौल हो गया। कसया इंस्पेक्टर सीओ डॉ अजय सिंह ने बताया कि दो पक्षों में पहले से विवाद है, लेकिन गोली चलने की कोई बात नहीं है। मौके पर स्थिति सामान्य है।