फरेंदा गांव में बंधक बनाए गए विंध्याचल सिंह। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
कुशीनगर जिले के चौराखास थाना क्षेत्र के बाड़ू चौराहा बाजार में एक दुकानदार ने रुपये के लेनदेन में एक व्यक्ति को बिजली के खंभे में बांध दिया। बाद में अगल-बगल के दुकानदारों ने व्यक्ति को खंभे से मुक्त कराया। बुधवार को इसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने कार्रवाई की। पीड़ित की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पुलिस जांच में जुटी है।
चौराखास थाना क्षेत्र के फरेंदहा निवासी विंध्याचल सिंह पुत्र दर्शन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बाड़ू चौराहा बाजार स्थित एक रेडिमेड के दुकानदार से पैसे का लेनदेन था। मंगलवार शाम वह बाजार करने गए। तभी दुकानदार ने उन्हें अपने पास बुला लिया।
भूमि की खरीद में बिचौलिया बनकर रुपये लेने का आरोप लगाते हुए रकम की मांग करने लगे। अपशब्द कहते हुए बिजली के खंभे में बांध दिया। जानमाल की धमकी देते हुए रुपये न देने पर अंजाम भुगतने की बात कही। कुछ देर बाद आसपास के दुकानदारों ने रस्सी खोलकर उन्हें मुक्त कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।