संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। आईआरसीटीसी की फर्जी आईडी पर रेलवे का आरक्षित तत्काल एवं सामान्य ई-टिकट बनाने के आरोप में रेलवे साइबर सेल व आरपीएफ कप्तानगंज की संयुक्त टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक के पास से रेलवे के टिकट से जुड़े प्रतिबंधित सामान आदि बरामद किया है।
साइबर सेल गोरखपुर के उपनिरीक्षक चंद्रसेन सिंह ने बताया कि साइबर सेल व रेलवे सुरक्षा बल कप्तानगंज संयुक्त टीम ने ई-टिकट के धंधेबाज को सुकरौली बाजार के शर्मा कंप्यूटर के संचालक मुकेश शर्मा (27) निवासी पिडरा, पोस्ट सुकरौली बाजार थाना हाटा को गिरफ्तार किया गया है।
युवक के पास से 20,229 रुपये का सामान्य टिकट और 42,018 रुपये कीमत का तत्काल रेलवे ई टिकट बरामद किया गया है। युवक के पास से कुल 27 अदद सामान्य एवं तत्काल ई टिकट बरामद किया गया। इसकी कुल कीमत 62,247 रुपये है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान रेलवे सुरक्षा बल कप्तानगंज के सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार राय, कांस्टेबल सुनील यादव, विमलेश कुमार यादव आदि मौजूद रहे।