पडरौना/तमकुहीरोड। सेवरही थाना क्षेत्र के पकड़ियार पूरबपट्टी के पास मंगलवार को प्रभु ब्याहुत नाम के जिस युवक का शव मिला था, उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। उसके पहले उसे नशीला पदार्थ दिया गया था। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ है। मृतक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने एक महिला व पुरुष पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी आपस में भाई-बहन हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। शादीशुदा युवती की प्रभु ब्याहुत से प्रेम संबंध था।
पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि सेवरही थाना क्षेत्र के पकड़ियार पूरबपट्टी में बीते मंगलवार को एक धार्मिक स्थान से कुछ दूरी पर दुदही निवासी प्रभु ब्याहुत (38) का शव पाया गया। उसे सेवरही थाने की पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इस मामले में मृतक के चाचा अशोक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसके भतीजे की नजदीकी विशुनपुरा क्षेत्र के एक गांव की शादीशुदा युवती से थी।
प्रभु अपनी जमीन बेचकर उसी पर खर्च करते थे। प्रभु ने महिला के भाई को ई-रिक्शा खरीदने के लिए उधार रकम भी दी थी। उसी रकम को वह उनसे मांगने गए थे। वहां भाई-बहन ने पहले प्रभु को कोई नशीला पदार्थ पिलाया। इसके बाद गला दबाकर प्रभु की हत्या कर दी। शव रात में ही पकड़ियार पूरबपट्टी के पास ले जाकर फेंक दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के चाचा अशोक की तहरीर पर विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बैंकुंठपुर कोठी निवासी मीना, उसके भाई व बरवापट्टी कोईरी टोला निवासी शर्मा प्रसाद पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रात को हत्या कर शव को ठिकाने लगाया
पूछताछ में सामने आया है कि 27 फरवरी की रात में प्रभु की परिचित युवती ने अपने भाई को घर बुला लिया था। वहां प्रभु के पहुंचने पर तीनों ने साथ भोजन किया। भोजन में ही प्रभु को नशीला पदार्थ दे दिया गया था। उसके पेट में दर्द होने पर उपचार के बहाने घर से लेकर निकले। रास्ते में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
मकान बेचकर किराए के मकान में प्रेमिका के साथ रहता था
मृतक प्रभु अपने पिता के इकलौते पुत्र थे। दुदही रेलवे स्टेशन के पास उसके दो मकान थे। उसने अपने एक को तकरीबन 10 साल पूर्व 35 लाख रुपये में बेच दिया था। उसके बाद सात माह पूर्व उन्होंने अपना दूसरा मकान भी बेच दिया। मकान बेचने के बाद वह परिचित युवती के साथ टैक्सी स्टैंड के पास किराए पर कमरा लेकर रहते थे। वह अपनी सारी कमाई उसी युवती पर खर्च कर देते थे। युवती के पति गुजरात में रहकर कमाते हैं।
प्रभु को नशीला पदार्थ देने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। इसमें उसकी प्रेमिका का हाथ है। उसकी प्रेमिका के भाई ने भी मिलकर योजना के तहत घटना को अंजाम दिया था। कुछ पैसों के लिए विवाद था। युवती अब उससे दूर जाना चाहती थी।
- धवल जायसवाल, पुलिस अधीक्षक