-नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बघपरना में चुनावी बहस के दौरान राधेश्याम पाठक की कर दी गई थी हत्या
-गांववालों की शिकायत के बाद डीएम ने लिया संज्ञान, जमीन की पैमाइश में अवैध कब्जे की हुई पुष्टि
-एक जगह झोपड़ी डालकर कब्जा करने की भी बात सामने आई, धारा 67 की कार्रवाई में जुटी राजस्व टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बघपरना में बीते दिनों चुनावी बहस के दौरान राधेश्याम पाठक की कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, अब एक नए मामले का खुलासा हुआ है, जिसमें मुख्य आरोपी शंभू चौधरी ने गांव की नवीन परती की जमीन पर कब्जा कर तीन मंजिली इमारत बनाई है। एक जगह झोपड़ी डालकर भी आरोपी ने कब्जा किया है।
इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब गांव वालों ने जनप्रतिनिधियों से इसकी शिकायत की। जनप्रतिनिधियों की पहल पर डीएम उमेश मिश्र ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और राजस्व टीम गठित कर गांव में पैमाइश के लिए भेजी। मंगलवार को टीम गांव में पहुंची और जमीन की पैमाइश की। इस दौरान कब्जे की शिकायत की पुष्टि हुई है। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंची टीम अब जमीन चिह्नित कर धारा 67 की कार्रवाई में जुटी है।
10 मई को बघपरना गांव निवासी राधेश्याम पाठक की गांव के ही शंभू चौधरी और उनके बेटों ने चुनावी बहस के दौरान पीट-पीटकर हत्या कर दी थी और परिवार के सदस्यों को भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शंभू चौधरी समेत चार पर हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। शंभू को पुलिस ने पहले ही जेल भेज दिया, जबकि मंगलवार को फरार चल रहे तीन और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में चौकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब गांव वालों ने जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत जनप्रतिनिधियों से की। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने पूरे घटना और मामले से डीएम को अवगत कराया। डीएम उमेश मिश्र ने इसे गंभीरता से लिया और आरोपी की ओर से किए गए नवीन परती की जमीन पर अवैध कब्जे को चिह्नित करने के लिए राजस्व टीम गठित कर नायब तहसील कोटवा सौरभ त्रिपाठी को गांव में जाकर जांच करने का निर्देश दिया।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे नायब तहसीलदार राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे और जमीन की पैमाइश कराई। इसमें आरोपी की ओर से आराजी नंबर 161 पर पोखरे की भीट पर चार डिस्मिल जमीन पर झोपड़ी डालकर अवैध कब्जा करने, आराजी नंबर-162 नवीन परती की तीन डिस्मिल जमीन पर तीन मंजिली अवैध रूप से इमारत बनाए जाने की पुष्टि हुई। दोनों आराजी नंबरों की नापी कर अवैध रूप से की गई कब्जे वाली जमीन पर राजस्व टीम धारा 67 की कार्रवाई करेगी। टीम में कानूनगो राजेंद्र चौबे, सदर लेखपाल योगेंद्र गुप्ता, क्षेत्रीय लेखपाल नंदलाल गुप्ता, अवधेश मिश्रा आदि शामिल रहे।
पडरौना के तहसीलदार सुमित सिंह ने बताया कि पैमाइश कराई गई है। अवैध कब्जा का मामला सामने आया है। कुछ लोग मौके पर जमीन का पट्टा होने की बात कही। उसकी जांच कराई जा रही है। राजस्व टीम के रिपोर्ट सौंपने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0000000
...तो कब्जा कर बनाए गए इमारत पर चलेगी बुलडोजर!
जमीन की पैमाइश में कब्जा कर तीन मंजिली इमारत खड़ी करने की पुष्टि के बाद गांव के लोग कई तरह की बातों को लेकर चर्चा करने लगे। इन चर्चाओं में सबसे ज्यादा इस बात की चर्चा थी कि जब नवीन परती की जमीन पर इमारत खड़ी करने की पुष्टि हो चुकी है तो क्या आरोपी के इस इमारत पर बुलडोजर चलाकर ढहाने की कार्रवाई होगी? ऐसे कई और सवाल भी लोगों के जेहन में थे।