हाटा क्षेत्र से लापता तीन बहनें मध्य प्रदेश के रेलवे स्टेशन पर मिलीं
हाटा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से लापता तीनों बहनें मध्य प्रदेश के एक रेलवे स्टेशन पर मिली हैं। संदेह के आधार पर वहां की पुलिस ने तीनों को अभिरक्षा में लेकर परिजनों को सूचना दी। शुक्रवार को लड़कियों के परिजन और पुलिस की टीम मध्यप्रदेश रवाना हो गई।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की तीन सगी बहनें बुधवार की दोपहर खेत की तरफ गईं। देर शाम तक वे नहीं लौटीं तो परिजनों ने तलाश शुरू की। 24 घंटे तक उनकी तलाश करने के बाद परिजनों ने बृहस्पतिवार को इसकी सूचना पुलिस को दी। अज्ञात पर अपहरण का मुकदमा दर्ज करके हाटा पुलिस छानबीन में जुट गई। शुक्रवार को मालूम हुआ कि तीनों बहनें गांव से निकलकर गोरखपुर पहुंचीं।
वहां से मुंबई जाने वाली किसी ट्रेन में सवार हो गईं। ट्रेन में सुरक्षा जांच के दौरान अकेली यात्रा कर रही नाबालिग लड़कियों को देखकर पुलिस टीम को संदेह हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने तीनों को मध्यप्रदेश के बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर उतारकर अभिरक्षा में ले लिया। वहां से इसकी सूचना हाटा पुलिस और परिजनों को दी गई। इसके बाद परिजन, पुलिस टीम के साथ मध्य प्रदेश रवाना हो गए।
इस संबंध में कोतवाल रणजीत सिंह ने बताया कि तीनों बहनों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया है। जल्द ही किशोरियों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।