पकड़ी गई अवैध शराब की पेटी के साथ गिरफ्तार तीनों आरोपी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गैंग का पर्दाफाश करते हुए केन यूनियन के उपाध्यक्ष व सपा नेता विजय अग्रवाल उर्फ मिट्ठू समेत तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन तस्करों के पास से 10 पेटी अंग्रेजी शराब व एक बाइक बरामद हुई है। गिरफ्तार तस्करों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
एसपी संतोष मिश्रा ने बताया कि पडरौना कोतवाली पुलिस ने आवास विकास कॉलोनी के एक घर में छापा मारा। इस दौरान अवैध शराब तस्करी में संलिप्त विजय अग्रवाल उर्फ मिट्ठू निवासी राजा बाजार खड्डा, लाल बाबू महतो निवासी बखरी मदरसा शिकारपुर, जिला बेतिया पश्चिमी चंपारण बिहार व राजन यादव निवासी बिजबानिया थाना सिरसिया जिला बेतिया पश्चिमी चंपारण बिहार को गिरफ्तार कर लिया।
तस्करों के पास से 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, जिसमें 180 एमएल की 480 टेट्रा पैक शराब बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि तस्करों का एक संगठित गिरोह है और उसका संचालक विजय अग्रवाल उर्फ मिट्ठू अग्रवाल है। विजय उर्फ मिट्ठू अग्रवाल की कई लाइसेंसी शराब की दुकानें हैं।
बताया जा रहा है कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण अपनी दुकानों से शराब को निकालकर वह आवास विकास कॉलोनी वाले घर पर जमा करता है और साथियों की मदद से बिहार में ऊंचे दाम पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाता है।