- तमकुहीराज के गाजीपुर-भरपटिया मार्ग के पास सोमवार रात अंतरराज्यीय ईरानी गिरोह से हुई मुठभेड़
- एक पर 50 हजार और दो पर घोषित था 25-25 हजार रुपये का इनाम
- इरानी गिरोह ने ही दाहूगंज बाजार में सराफा की दुकान से चुराए थे आभूषण
- 3.20 लाख रुपये नकद बरामद, तीन तमंचे और कारतूस भी बरामद
कुशीनगर। तमकुहीराज पुलिस व स्वॉट की संयुक्त टीम की सोमवार रात एक बजे इरानी गिरोह के बदमाशों से मुठभेड़ हुई।गाजीपुर-भरपटिया मार्ग के पास हुए मुठभेड़ में गिरोह के तीन सदस्य दबोचे गये। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाशों में एक पर 50 हजार व दो पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। आरोपियों के पास से असलहे व 3.20 लाख रुपये नकदी बरामद हुई।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि मुठभेड़ में फर्रूखाबाद के ठंडी सड़क निकट मदर इंडिया कोल्ड स्टोर निवासी सुल्तान उर्फ यासीन और समीर अब्बास उर्फ वसीम अली पुलिस की गोली से घायल हो गए। सुल्तान पर 50 हजार और समीर पर 25 हजार का इनाम घोषित था। गिरोह का तीसरा सदस्य 25 हजार का इनामी बिहार के थावे विदेशी टोला रहने वाला नमाजी अली है। उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो बाइक, 3.20 लाख नकदी, तीन तमंचा, कारतूस, दाहूगंज बाजार से चोरी किए गए आभूषण बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ फर्रुखाबाद, मैनपुरी, लखनऊ के विभिन्न थानों, खड्डा, गोरखपुर, नेबुआ नौरंगिया और तमकुहीराज में केस दर्ज हैं। कुछ दिन पहले तमकुहीराज के दाहूगंज में सराफा व्यवसायी की दुकान से सात लाख के आभूषण की चोरी भी इसी गिरोह ने किया था। इन्हें गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में स्वॉट टीम प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार शुक्ला और तमकुहीराज थाने के इंस्पेक्टर नीरज राय अपनी टीम के साथ शाम थे। एसपी ने बताया कि इस गिरोह का नेटवर्क महराष्ट्र से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैला है। तीनों को गिरफ्तार करने वाली स्वॉट, सर्विलांस और पुलिस टीम को एडीजी ने एक लाख रुपये तथा उन्होंने 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।