फाजिलनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव के सामने फोरलेन पर दो बाइकों की हुई टक्कर में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी भेजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सोमवार की शाम करीब पांच बजे पटहेरवा गांव निवासी राहुल शर्मा ( 22) अपने पिता बाबूलाल ( 48) के साथ बाइक से फाजिलनगर किसी काम से आ रहे थे। अभी दोनों पिता-पुत्र काजीपुर गांव के सामने ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे एक बाइक पर सवार पिता-पुत्र व अज्ञात बाइक चालक समेत तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना देख मौके पर जुटे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर आई पुलिस ने घायलों को सीएचसी फाजिलनगर भेजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रेफर कर दिया गया। इस संबंध में पटहेरवा एसओ दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पिता-पुत्र के अलावा दूसरे बाइक के चालक समेत तीन लोग घायल हैं। दूसरे बाइक का चालक कुछ बोलने की स्थिति में नहीं था। उसके पास कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला है। तीनों घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।