फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: आग से तीन झोपड़ियां जलीं, एक भैंस और छह बकरियां मरीं

Tue, 23 Apr 2024 06:08 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
सोहनपुर गांव में हाइटेंशन तार टूट कर गिरने से जलती गन्ने की फसल
विज्ञापन
पडरौना। जिले में लगातार तीसरे दिन भी आग ने अलग-अलग जगहों पर कहर बरपाया है। आगलगी में तीन झोपड़ियां और उसमें रखा सामान जल गया। एक भैंस व छह बकरियों की झुलसने से मौत हो गई। जबकि दो मवेशी बुरी तरह से झुलस गए। गेहूं और गन्ने की फसल भी आग की भेंट चढ़ गई। गांव वालों की मदद से फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन

पडरौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा सोहनपुर में सोमवार की सुबह करीब 10 बजे हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। इससे निकली चिंगारी से लगी आग में 15 कट्ठा गन्ना जल गया। जोगीछपरा निवासी विनोद कुमार चौबे का खेत सोहनपुर में है। उनके खेत के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरा है। सोमवार को तार टूटकर खेत में गिर गया। इसमें से निकली चिंगारी के कारण गन्ने की फसल में आग लग गई। विद्युत आपूर्ति बहाल होने के कारण किसी ने आग बुझाने की कोशिश नहीं की। सूचना मिलने के बाद विद्युत विभाग ने आपूर्ति बंद की। तब तक आग ने 15 कट्ठा गन्ने की फसल जला दी।
चौराखास थाना क्षेत्र के नारायनपुर कोठी के खनूवा नाला तटीय जंगल में सोमवार की सुबह करीब छह बजे अज्ञात कारणों से लगी आग में करीब दो एकड़ से अधिक पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो गए। राहगीरों व फायर ब्रिगेड टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया। संयोग अच्छा रहा कि समय रहते आग को बुझा दिया गया। इससे रिहायशी इलाकों की तरफ आग नहीं बढ़ सकी। लोगों ने वन विभाग व राजस्व विभाग को इसकी सूचना दे दी है।
विज्ञापन

वहीं, कसया थाना क्षेत्र के एनएच-28बी स्थित बैरियां गांव के सामने सोमवार की सुबह शार्ट सर्किट से कूड़े के ढेर में आग लग गई। यहां से आग आसपास के खेतों में फैल गई, जिससे करीब 10 एकड़ गेहूं के डंठल जल गए। लोगों का कहना है कि एक ट्रक ने बिजली के पोल में टक्कर मार दी। इससे हाईटेंशन तार में शार्ट सर्किट होने से कूड़े के ढेर में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
इसी तरह रामकोला थाना क्षेत्र के पिपरा खुर्द गांव के गुलहरिया टोले में रविवार की रात वशिष्ठ खरवार और मुन्नी देवी की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। घर में सो रहे परिवार के लोग किसी तरह भागकर अपनी जान बचाए। आग के कारण झोपड़ी से कोई सामान निकालने का मौका ही नहीं मिला। घर में रखे अनाज, नकदी और सामान जलकर नष्ट हो गया। झोपड़ी में बंधी छह बकरियों की भी मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद गांव वालों ने आग पर काबू पाया। सोमवार को पहुंचे लेखपाल ने क्षति का आंकलन किया।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र गांव बैरिया में सोमवार को अज्ञात कारणों लगी आग से गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। नवापार से अज्ञात कारणों से गेहूं के डंठल में लगी आग गांव बगरादेउर होते हुए बैरिया गांव में पहुंच गई। पछुआ हवा तेज होने के कारण बैरिया के किसान देवेंद्र सिंह, वकील सिंह, स्नेही, चुलबुल, अनिरुद्ध सिंह, कोदई सिंह, सुदामा, अनिल सिंह, पारस यादव आदि किसानों का करीब पांच एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। गांव वालों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी बीच फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई और आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया। लेखपाल विश्वप्रकाश रंजन ने मौके पर पहुंच क्षति का आंकलन किया।
वहीं, हाटा कोतवाली क्षेत्र के गांव झांगा निवासी सुभाष राजभर की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और झोपड़ी में बंधी तीन भैंस आग से झुलस गई। इसमें एक भैंस की मौत हो गई। जबकि दो का उपचार चल रहा है। झोपड़ी में रखे अनाज, बिस्तर, कपड़ा, बॉक्स आदि सामान जलकर नष्ट हो गया। लोगों के सहयोग से पंप सेट चलाकर आग पर काबू पाया गया। पीड़ित परिवार ने तकरीबन दो लाख रुपये की क्षति का दावा किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें