रामकोला। रामकोला थाना क्षेत्र के धनौजी खास गांव में बुधवार की देर रात आग लगने से तीन झोपड़ियां राख हो गईं। आग की लपटों को देख परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। अभी लोग आग बुझाने की कोशिशें करते कि तीनों झोपड़ियां और उसमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। झोपड़ी के अंदर बांधकर रखी गई भैंस भी जल मरी।
धनौजी खास गांव के निवासी वीरेंद्र, महेंद्र और जितेंद्र तीनों सगे भाई हैं, जो अलग-अलग फूस की झोपड़ी बनाकर रहते हैं। जितेंद्र भैंसपालन करते हैं। बुधवार की रात भैंस को मच्छरों से बचाने के लिए अलाव जलाई गई थी। भोजन करने के बाद सभी सोने चले गए। आधी रात के वक्त अलाव से निकली चिंगारी के कारण जितेंद्र समेत तीनों भाइयों की झोपड़ियों में आग पकड़ लिया। गर्माहट महसूस होने के बाद जितेंद्र की नींद खुली तो उसने देखा कि झोपड़ियों में आग लग गई। इसके बाद शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्यों की भी नींद खुल गई और वे भागकर बाहर निकले। शोर सुनकर जुटे गांव के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश कर ही रहे थे कि विकराल रुप धारण करते हुए आग ने तीनों की झोपड़ियों व उसमें रखे सामान को जलाकर नष्ट कर दिया। इस आगलगी में एक भैंस की भी मौत हो गई। बर्तन, कपड़ा और अनाज भी जलकर राख हो गया। सूचना पर आये नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश चौधरी, लेखपाल प्रदीप ने क्षति का जायजा लिया और रिपोर्ट भेजकर अहेतुक सहायता दिलाने की बात कही।