पडरौना/बोदरवार। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में युवक पर पेट्रोल पर डालकर उसे जलाकर मारने की कोशिश की घटना से नाराज लोगों ने शुक्रवार की सुबह सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। लोगों ने मूजडीहा में परतावल-पिपराइच मार्ग को जाम करके आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसएचओ ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार की रात बसंतपुर निवासी सुखचैन के बेटे शिवदयाल (25) के बदन पर कुछ लोगों ने पेट्रोल डालकर कुछ लोगों ने आग लगा दी थी। युवक के शोर मचाने पर परिजनों ने आसपास के लोगों ने किसी तरह से आग बुझाई। बताया जाता है प्रेम संबंध से नाराज लोगों ने युवक के शरीर में आग लगाई थी। झुलसे युवक को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाया गया। वहां युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
शुक्रवार की सुबह युवक की मौत की अफवाह गांव में फैल गई। इससे नाराज परिजन और ग्रामीण सुबह आठ बजे मूजडीहा चौराहे पर पहुंच गए। लोगों ने पिपराइच-परतावल मार्ग को जाम करके प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की जानकारी पाकर एसएचओ पंकज गुप्ता मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाकर शांत कराया। करीब आधा घंटा बाद जाम खत्म हुआ।
इस मामले में शिवदयाल की मां धर्मा देवी ने गांव के शोभन, झीनक उर्फ रवि, भुल्लन उर्फ अमरजीत, बिंदू देवी और आशा देवी सहित पांच लोगों पर जलाकर हत्या की कोशिश करने, जानमाल की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। धर्मा देवी ने तहरीर में लिखा है कि आरोपी तीन दिन से उनके बेटे की हत्या की धमकी दे रहे थे। धमकी देने की वजह का कोई जिक्र तहरीर में नहीं किया गया है। हालांकि गांव में चर्चा है कि घटना की वजह प्रेम संबंध है। इस बारे में एसएचओ पंकज गुप्ता ने बताया कि आरोपी शोभन और बिंदू सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।