खड्डा। शिक्षक से 25 लाख की रंगदारी मांगी गई है। नहीं देने पर बदमाशों ने बेटे को उठा ले जाने की धमकी दी है। दरवाजे पर धमकी भरा पत्र मिलने के बाद शिक्षक का परिवार सहमा हुआ है। शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस धमकी भरा पत्र कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
खड्डा थाना क्षेत्र के शिवदत्त छपरा गांव निवासी श्याम बिहारी सिंह रविवार को सुबह सोकर उठे तो दरवाजे पर एक पत्र मिला। इसमें भोजपुरी में लिखा है कि दो दिन के अंदर 25 लाख रुपये दे दीजिए, यह आपके लिए बड़ी बात नहीं है। ऐसा नहीं किए तो शिक्षक के बेटे को उठा लिया जाएगा। पत्र में लिखा गया है कि हम लोग आपके घर पहुंच गए तो कुछ भी कर सकते हैं। पुलिस को सूचना नहीं देने की धमकी देते हुए कहा गया है कि पैसा कहां देना है? बता दिया जाएगा। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चा हो रही है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इसकी जांच की जा रही है। धमकी भरा पत्र कहां से दरवाजे पर पहुंचा। इसका भी पता लगाया जा रहा है।