पडरौना (कुशीनगर)। उत्तर प्रदेश खाद बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राजेश्वर सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रतिबंधित पशु कटने नहीं दिए जाएंगे। अगर प्रतिबंधित पशु काटे गए तो उन्हें काटने वाले भी काटे जाएंगे। उन्होंने मौजूद लोगों से इसके लिए शपथ लेने की अपील की। विश्व हिन्दू महासंघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने राज्यमंत्री बृहस्पतिवार को कुशीनगर पहुंचे थे। शहर के साकेत बिहारी मंदिर में चल रहे कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की श्रेणी में गो माता, बछड़े और ऊंट आदि शामिल हैं। गो माता में देवी-देवताओं का वास होता है। किसी भी हाल में पूरे प्रदेश में प्रतिबंधित पशुओं को कटने नहीं दिया जाएगा इसके लिए सभी को संकल्प लेना होगा।