पडरौना। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के लेहनी द्वितीय गांव में एक माह पूर्व रात दुकान के पास बेंच पर लेटे युवक की जमीन विवाद में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों पर केस दर्ज किया था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
लेहनी द्वितीय गांव निवासी बिरजू राजभर का 23 वर्षीय बेटा शिव कुमार राजभर रात में करीब नौ बजे भोजन करने के बाद टहलते हुए घर से करीब 200 मीटर दूर एक दुकान के पास गया। दुकान बंद थी। वहां ग्रामसभा की ओर से लगाई गई बेंच पर लेटकर मोबाइल देखने लगा। उसके आसपास गांव के अन्य युवक भी थे। इस दौरान इसका चचेरा भाई राकेश राजभर अपने दोस्त शेषनाथ और विशाल भार्गव के साथ बाइक से पहुंचा और शिवकुमार के पेट में चाकू घोंप कर फरार हो गया था।
घटना के बाद पहुंचे परिजन लोगों की मदद से सुकरौली सीएचसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज लेकर जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में घटना के दिन से फरार चल रहे तीसरे आरोपी शेषनाथ भार्गव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष रवि कुमार राय ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।