पडरौना। बीते करीब एक सप्ताह से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को शुक्रवार का दिन राहत लेकर आया। सुबह करीब चार बजे जिले में हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम सुहाना रहा है। हालांकि दोपहर बाद हल्की धूप निकलने मौसम में थोड़ा रूखापन देखने के मिला, जिससे उमस भरी गर्मी बढ़ी। लेकिन बीते दिनों की अपेक्षा इस दिन उमस भरी गर्मी कम रही, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने 26 अगस्त तक जिले में हल्की बारिश होने संभावना जताई है। कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग की तरफ से 23 से 27 अगस्त तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 31से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।