तुर्कपट्टी। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार की रात चोरों ने महुअवा कारखाना गांव में एक घर को निशाना बनाया। छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने आभूषण व 10 हजार नकदी लेकर भाग निकले। इसकी जानकारी होने के बाद गृह स्वामी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर गांव आई पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया।
महुअवा कारखाना के हुल्ली टोला निवासी सलाउद्दीन व सोनू भोजन करने के बाद सोने चले गए। रात करीब ग्यारह बजे सलाउद्दीन की नींद खुली तो वह दूसरी मंजिल की छत की तरफ किसी कार्य से गए, जहां सीढ़ियों पर खुली अटैची, फेंकी गई सिलाई मशीन देखकर चौंक गए। छत की तरफ जाने पर देखा कि लोहे का फाटक खुला हुआ है और कुंडी को तोड़ने का प्रयास किया गया था। यह देखने के बाद उन्होंने शोर मचाया तो परिवार के लोगों की भी नींद टूट गई। परिजनों ने देखा कि आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखा गया सोना का एक मंगलसूत्र, एक झुमका, एक कंगन, एक नथिया, एक पाजेब, बिछुआ, एक चांदी की चोटी के अलावा दस हजार रुपये नकदी गायब थे। दो बॉक्स और एक अटैची का ताला टूटा हुआ मिला। कपड़े समेत अन्य सामान फर्श पर बिखरे पड़े थे। बगल में रखे गए दीवान बेड को भी चोरों ने खंगाल दिया था। सूचना पर गांव आई तुर्कपट्टी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस संबंध में एसओ संजय कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी। मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।