पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पिपरा बुजुर्ग गांव में सोमवार की रात एक घर में घुसकर चोरों ने नकदी, आभूषण समेत लाखों की चोरी कर ली। मंगलवार की सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद परिजनों ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। मौके पर आई पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन में जुटी रही।
नेबुआ नौरंगिया थाने से महज कुछ दूरी पर पिपरा बुजुर्ग गांव में हफीजुल्लाह के कटरैन के मकान में सोमवार की देर रात परिवार के लोग भोजन करने के बाद सोने चले गए। इसका फायदा उठाते हुए कटरैन के घर में पीछे के रास्ते दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने पेटी व आलमारी तोड़ उसमें रखे 90 हजार नकदी, लाखों कीमत के सोने व चांदी के चार थान जेवर चुरा लिया। मंगलवार की भोर में घर की महिलाओं की नींद खुली तो घटना की जानकारी हुई। महिलाओं ने देखा कि घर के पीछे साड़ी व कपड़े फेंके गए थे। मौके पर एक खाली तोड़ी हुई पेटी भी मिली है। टूटी हुई आलमारी देख महिलाएं शोर मचाने लगीं। मौके पर गांव के लोग भी जुट गए। परिजनों की सूचना पर आई पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। इस संबंध एसएचओ हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।