दुदही। दुदही नगर पंचायत के एक कारोबारी के पुत्र का अपहरण करने के लिए एक युवक पडरौना के स्कूल तक रेकी कर रहा था। कई दिनों तक रेकी करने के बाद बुधवार को बस चालक की ओर से पहचान कराने के बाद परिजनों ने उसे पकड़ लिया। परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर जांच में जुटी है।
नगर पंचायत दुदही के कारोबारी भरत कुमार रौनियार का पुत्र अनुराग रौनियार पडरौना के सेठ जयपुरिया स्कूल में कक्षा नौवीं का छात्र है। वह रोजाना पढ़ने के लिए बस से विद्यालय आता-जाता है। मंगलवार को दुदही के एक कारोबारी के यहां किराये पर कमरा लेकर बिहार के अररिया के भितहां प्रखंड के बिनही में नियुक्त एक राजस्व कर्मी मोहतिज रजा के रिश्तेदार साहिल रहमान ने अपने रिश्तेदार के चार पहिया वाहन से सेठ जयपुरिया स्कूल में जाकर अनुराग को खबर भेजवाया कि तुम्हारे पापा बुला रहे हैं। स्कूल का कर्मी अनुराग को बाहर लेकर आया तो उसने साहिल रहमान को पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद जब छात्र बस से स्कूल के लिए चला तो बस का पीछा करते हुए दुदही तक आया। घर जाकर उसने परिजनों से सारी बात बताई। अगले दिन बुधवार को स्कूल जाने से उसने मना कर दिया। इसके बाद उसके पिता से बस चालक ने सारी बात बताई और रेलवे स्टेशन चौराहे पर आरोपित को बस चालक ने पहचान लिया। इसके बाद परिजनों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। छात्र के पिता भरत रौनियार की तहरीर पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस संबंध में इंस्पेक्टर रामसहाय चौहान ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपित हिरासत में है। पूछताछ की जा रही है।