तहसील में ब्लेड से खुद पर हमला करने वाले युवक की पत्नी से बातचीत करती राजस्व और पुलिस विभाग की टीम?
- फोटो : KUSHINAGAR
जमीन का विवाद सुलझाने के लिए दो वर्षों से सरकारी दफ्तरों का चक्कर लगा रहा युवक अपने परिवार के सदस्यों के साथ मंगलवार को कप्तानगंज तहसील परिसर में पहुंचा और ब्लेड से पहले बेटे का, फिर खुद का गला काटने का प्रयास किया। पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने सूझबूझ से उसे काबू में किया। इस प्रयास में पुलिस चौकी का एक सिपाही जख्मी हो गया। इस घटना से तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
कस्बे के चांदनी चौक निवासी अख्तर मंगलवार की शाम की चार बजे अपनी पत्नी लालता व बेटे के साथ हाथ में ब्लेड लिए एसडीएम कार्यालय के समक्ष पहुंच गया। वह जोर-जोर से चिल्लाकर न्याय की मांग करने लगा। आवाज सुनकर तहसीलदार पहुंचे और उसे समझाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान अख्तर ने अपने बेटे के गले पर ब्लेड से वार करना चाहा।
वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह से लड़के को लोगों ने बचा लिया। उसके बाद अख्तर ने अपने गले पर भी ब्लेड लगाकर काटने की धमकी देने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे पकड़कर बचा लिया। पुलिस ब्लेड छीनने लगी। उसने ब्लेड को अपने मुंह में डाल लिया। काफी समझाने के बाद मुंह से ब्लेड निकाला। उसका मुंह कट गया था और खून बह रहा था। अख्तर का कहना था कि पुश्तैनी जमीन पर कुछ लोगों ने मकान बनवा लिया गया है। इसकी जांच कर कार्रवाई की की मांग कर रहा है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने लेखपाल मारकंडेय गुप्ता को मौके पर भेजकर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि जमीन का बैनामा हुआ है। प्रशासन ने अन्य बिंदुओं पर भी जांच शुरू कर दी है। तहसीलदार कृष्ण गोपाल त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित के मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।