तमकुहीराज। तमकुहीराज सीएचसी में चल रहे लैब निर्माण कार्य में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग करने का आरोप लगाकर भाजपा नेता ने कार्य रोकवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था पुरानी ईंटो का उपयोग कर रही है।
किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजय राय ने सीएचसी में बन रहे लैब में घटिया सामग्री का प्रयोग होने का आरोप लगाकर काम रोकवा दिया। कहा कि निर्माण कार्य के फाउंडेशन में पुराने ईंट, दोयम दर्जे की ईंट और सफ़ेद बालू का प्रयोग किया जा रहा है। निर्माण कार्य से संबंधित दस्तावेज मांगने पर ठेकेदार उसे नहीं दिखा रहे हैं। बीते पांच जनवरी को क्षेत्रीय विधायक डॉ. असीम कुमार ने क्षेत्र के मंझरिया में पीडब्ल्यूडी की तरफ से कराए जा रहे निर्माण कार्य को गांव के लोगों की शिकायत के बाद रोकवा दिया था। यह मामला सोशल साइट पर भी वायरल हुआ था। भाजपा नेता ने कहा कि सीएचसी में लैब के निर्माण के लिए सरकार बेहतर निर्माण के लिए धन स्वीकृत किया है। लेकिन ठेकेदार घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल कर रहा हैं। इस संबंध में सीएचसी तमकुहीराज के अधीक्षक डॉ. अमित राय ने बताया निर्माण कार्य के बारे में बहुत अधिक जानकारी नहीं है। सीएमओ सुरेश चंद पटारिया ने बताया कि इस संबंध में जानकारी नहीं है। पता करा रहा हूं।