पडरौना। जिला मुख्यालय स्थित गीता इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल परिसर में सोमवार को जन्माष्टमी उत्सव मनाया गया। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित कई झांकियां प्रस्तुत कीं। छात्र-छात्राओं ने नृत्य और एकांकी प्रस्तुत कर समा बांध दिया।
स्कूल के डायरेक्टर ओपी गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो, इसके लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण सनातन धर्म के स्तंभ हैं। कार्यक्रम का संचालन 12वीं की छात्रा यशस्वी राय और श्रेया दीक्षित ने किया। इस दौरान प्रधानाचार्य आनंद अग्रवाल, अर्पणा राव, उम्मे हबीबा, सद्दाम हुसैन, स्वाती शर्मा आदि मौजूद रहे।