दुबौली गांव में तीनों बहनों की शव मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन।संवाद
- फोटो : Samvad
मंसाछापर। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद देर शाम तीनों बालिकाओं का अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीनों के शव गांव नहीं लाए गए, बल्कि पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खिरकिया घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। घाट पर तीनों बहनों की चिताएं एक साथ सजाई गईं तो वहां मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। अपनों के कंधों पर मासूम बेटियों की अर्थियां देखकर हर आंख नम हो गई। शुक्रवार को स्कूल से लौटने के बाद तीनों बहनें घर के काम में हाथ बंटाने के लिए घास काटने निकली थीं। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह उनका घर से आखिरी बार निकलना होगा। एक ही परिवार की तीन बेटियों की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। लोगों का कहना है कि यह हादसा लंबे समय तक इलाके के लोगों के जेहन में टीस बनकर रहेगा। संवाद