तमकुहीराज। बिहार बुजुर्ग गांव के कटहरीबाग टोला में अपनी नानी के घर रहने वाली किशोरी की हत्या के मामले में शनिवार को पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी मां बिहार के बैकुंठपुर निवासी संध्या देवी ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी।
शनिवार को तमकुहीराज के एसएचओ नीरज कुमार राय ने बताया कि हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं। सूचना मिली कि हत्यारोपी बिहार बुजुर्ग गांव के कटहरीबाग टोला निवासी आरोपी गौतम सिंह कहीं भागने की फिराक में है।
उसे गाजीपुर बैरियर के निकट गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया। उसने बताया कि पिछले कुछ महीने से उसकी किशोरी से दोस्ती थी। वह शादी का दबाव बना रही थी। वह अभी शादी नहीं करना चाहता था। उसकी बहन की शादी होनी है। इसी बात के लिए युवती से झगड़ा हो गया और उसने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने युवक का चालान कर दिया।