पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में सेखुई पुल के पास शुक्रवार को नहर में कूदी 18 वर्षीय युवती की दूसरे दिन भी काफी खोजबीन के बाद पता नहीं चल सका। मौके पर पडरौना तहसीलदार व स्थानीय पुलिस दूसरी दिन भी जमी रही।
शुक्रवार की दोपहर बाद रामकोला थाना के बभनौली गांव निवास रेनू उम्र 18 वर्ष अपनी साइकिल से नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सेखुई गांव के समीप मुख्य पश्चिमी गंडक नहर पुल के पास पहुंची और साइकिल खड़ी करने के बाद चप्पल छोड़कर नहर में कूद गई। नहर मे कूदने की आवाज सुनकर अगल-बगल के राहगीरों ने शोर मचाया तो मौके पर जुटे गांव के लोगों ने पुलिस व तहसीलदार को इसकी सूचना दी। शुक्रवार की शाम के बाद शनिवार को युवती की तलाश की गई। लेकिन, उसका कहीं पता नहीं चल सका। एनडीआरएफ की टीम मौके पर तलाश में जुटी है। सदर तहसीलदार सुमित कुमार सिंह ने बताया कि टीम की ओर से दूसरे दिन भी युवती को ढूंढने का प्रयास किया गया है। उसका पता नहीं चल सका है। एनडीआरएफ की टीम लगी हुई है।