तमकुहीराज। पंजाब प्रांत की शादीशुदा युवती करीब तीन माह पूर्व ससुराल से काम करने के बहाने निकाली और लापता हो गई। परिजन सोशल मीडिया पर प्रसारित रिल्स के माध्यम से चार दिन पूर्व दाहूगंज बाजार पहुंचे, वहां युवती आर्केस्टा में मिली। परिजनों ने तमकुहीराज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग। पुलिस ने युवती को पकड़ कर थाने लाई, तो उसने परिजनों के साथ जाने से इन्कार कर दिया। युवती आर्केस्ट्रा में लौट गई।
पंजाब के जालंधर के फिल्लौर निवासी गोविंदा (26) की शादी करीब दो वर्ष पूर्व पंजाब के ही खन्ना गांव निवासी एक 23 वर्षीय युवती से हुई थी। बीते जनवरी में युवती पंजाब निवासी एक सहेली के साथ काम करने के लिए घर से निकली और तमकुहीराज थाना क्षेत्र के दाहूगंज बाजार में आकर एक आर्केस्ट्रा में काम करने लगी। ससुराल पक्ष के लोगों का आरोप है कि युवती के मायके पक्ष के लोग उनपर गायब करने का आरोप लगा रहे थे। खोजबीन के दौरान सोशल मीडिया साइट पर प्रसारित रिल्स के जरीए युवती के बारे में जानकारी हुई। पति उसे खोजते हुए दाहूगंज बाजार पहुंचा। सोमवार को परिजन तमकुहीराज पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मंगलवार की शाम पुलिस ने युवती को पकड़कर थाने लाई, लेकिन युवती लिखित हलफनामा देकर शादी होने और साथ जाने से इंकार कर दिया। इंस्पेक्टर अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया युवती बालिग है। परिजनों के साथ जाने से इन्कार कर दिया। लिखित बयान के आधार पर उसे छोड़ा गया है।