पकड़ियार बाजार। क्षेत्र के ढोलहा चौराहे पर रविवार को बाइक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क पर शव रख नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग को जाम कर दिया। करीब आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
ढोलहा नहर चौराहे पर झोपड़ी डालकर कर नट समुदाय के लोग रहते हैं। धर्मेंद्र नट का 35 वर्षीय दिव्यांग बेटा सोना शनिवार को बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। रविवार की शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा, तो परिजनों ने शव को ढोलहा चौराहे के रेगुलेटर पुल पर रख सड़क जाम कर दी। वे आरोपी बाइक चालक को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे।
सड़क जाम होने से पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर पहुंचे एसएचओ हर्षवर्धन सिंह ने मृतक के पिता धर्मेंद्र को कार्रवाई का आश्वासन दिया और वहां नाराज लोगोें को समझा।बुझाकर शांत कराया। उसके बाद आवागमन बहाल हुआ। इस संबंध में एसएचओ ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है। पीड़ित परिवार ने तहरीर नहीं दी है। बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।