पडरौना। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित लेखपाल चयन परीक्षा-2022 के आधार पर नवचयनित 96 लेखपालों को बुधवार को नियुक्ति पत्र दिया गया। इसके पहले लोक भवन सभागार लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित लेखपालों को नियुक्ति पत्र वितरण किया।
डीएम उमेश मिश्र ने कहा लेखपाल राजस्व विभाग की रीढ़ हैं। नवनियुक्त लेखपालों के कार्यभार ग्रहण करने से राजस्व विभाग और मजबूत हुआ है। वरासत, आईजीआरएस के निस्तारण, नामांतरण, पैमाइश की प्रक्रिया में इससे तेजी आएगी। इसके बाद खड्डा विधायक विजय कांत पांडेय, सदर विधायक मनीष जायसवाल, रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोड़ ने चयनित 96 लेखपालों को नियुक्ति पत्र दिया।
इस दौरान सीडीओ अधिकारी गुंजन द्विवेदी, एडीएम वैभव मिश्रा, कसया ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकिता जैन, सदर एसडीएम व्यास नारायण उमराव, कसया तहसीलदार धर्मवीर सिंह, लेखपाल संघ अध्यक्ष निलेश रंजन राव, मंत्री योगेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।