-शहर के बीच बाल गंगाधर तिलक नगर मोहल्ले में स्थित सुराजी पोखरे के सुंदरीकरण का काम शुरू
-नौकायन, ओपनजिम, पाथवे, हाईमास्ट लाइट और पार्किंग की व्यवस्था, सीसी सड़क का होगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने की गरज से जिले की सबसे पुरानी नगर पालिका पडरौना ने एक अनूठी पहल की है। शहर के बीचो-बीच बाल गंगाधर तिलक नगर में स्थित सुराजी पोखरे की अब सूरत बदलने वाली है। पं. दीनदयाल उपाध्याय शहरी विकास योजना के तहत पोखरे का सुंदरीकरण होगा।
दो करोड़ रुपये की लागत से सुराजी पोखरे पर नौकायन, ओपन जिम, पाथवे, हाईमास्ट लाइट, सोलर लाइट और पार्किंग की व्यवस्था होगी। इसके बगल से गुजर रही संकरी सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सुंदरीकरण को लेकर काम शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में सुराजी पोखरा शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
पडरौना शहर में कोई पार्क या बच्चों के खेलकूद के लिए ढंग का कोई जगह नहीं है। खेलकूद के लिए बच्चे खाली जगह तलाशते हैं तो लोग भी मॉर्निंग वॉक के लिए सड़क की पटरियों पर ही जाते हैं। इससे दुर्घटना की जहां आशंका बनी रहती है तो बच्चों को लेकर भी परिजन चिंतित रहते हैं। कठकुइयां मोड़ पर आमने-सामने गांधी पार्क और आंबेडकर पार्क तो है, लेकिन यहां भी न तो बैठने की उचित व्यवस्था है और न ही बच्चों के खेलकूद के लिए कोई संसाधन ही उपलब्ध है।
नगर पालिका बोर्ड की हुई बैठक में सदस्यों की सहमति के बाद शहर के बाल गंगाधर तिलक नगर में स्थित सुराजी पोखरे के सुंदरीकरण की रणनीति तैयार की गई। पं. दीनदयाल शहरी विकास योजना के तहत शासन की ओर से सुंदरीकरण कराने की स्वीकृति मिली। पोखरे के सुंदरीकरण के लिए दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मई महीने की शुरुआत से ही सुराजी पोखरे पर काम शुरू हो गया है। मौजूदा समय में जेसीबी लगाकर पोखरे के बगल से गुजर रही सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए मिट्टी भराई का काम चल रहा है।
यहां चहारदीवारी व रिटेनिंग वॉल का निर्माण कराया जाएगा। छठ घाट पर सीढ़ियां, पॉथवे, ओपन जिम, अलग-अलग फूल-पौधे, बच्चों के खेलकूद के लिए झूले इत्यादि, पेयजल व टॉयलेट-यूरिनल ब्लॉक, हाईमास्ट व सोलर लाइट, बेंच, गेट, डस्टबिन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा नौकायन की भी लोगों को सुविधा मिलेगी।
000000
जाम के झाम से मिलेगी राहत :
शहर के रामकोला रोड से होकर तिलक नगर मोहल्ले के रास्ते मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी को जोड़ने के लिए एक सड़क जाती है। हनुमान इंटर कॉलेज के पास सड़क की चौड़ाई कम होने से सिर्फ बाइकें ही गुजरतीं हैं। पोखरे के सुंदरीकरण के दौरान बनने वाली सीसी सड़क की चौड़ाई बढ़ जाने के बाद लोगों को जाम के झाम से भी राहत मिलेगी। रामकोला रोड पेट्रोल पंप से होकर लोग आसानी से नहर की पटरी पर पहुंच सकेंगे।
000000
सुराजी पोखरे पर उमड़ती है छठ व्रतियों की भीड़
शहर के सुराजी पोखरे पर आधे हिस्से की छठ व्रतियों की भीड़ उमड़ती है। पिछले सात वर्षों से छठ पर्व पर यहां इतनी अधिक भीड़ उमड़ रही है कि कहीं बैठने की भी व्रतियों को जगह नहीं मिलती। ऐसे में छठ व्रतियों के भीड़ को भी ध्यान में रखते हुए सीढ़ी आदि का निर्माण कराया जा रहा है। उनके बैठने व अन्य सुविधाओं की भी यहां पर्याप्त व्यवस्था होगी।
000000
लोग बोले : उपेक्षित पोखरे पर पड़ी नगरपालिका की नजर
फोटो है।
-शहर का सुराजी पोखरा वर्षों से उपेक्षित पड़ा था। लोगों के घरों की गंदगी इसमें बहाई जाती थी। अब इसके सुंदरीकरण हो जाने से न सिर्फ पोखरे की सूरत बदलेगी बल्कि लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होगा। इसके अलावा आने-जाने वाले लोगों को भी सड़क की चौड़ाई बढ़ाये जाने से आवागमन में आसानी होगी।
-शैलेंद्र दत्त शुक्ल, प्रधानाचार्य-हनुमान इंटर कॉलेज
000000
-छठ पर्व पर सुराजी पोखरे पर महिलाओं की अधिक भीड़ जुटती है। बैठने की भी जगह नहीं बचती है। पहले भी सुंदरीकरण कराने की मांग की गई थी। देर से ही सही, अब सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। उम्मीद है कि शहर की यह जगह लोगों को पसंद आएगी और बच्चों के मनोरंजन का केंद्र भी बनेगा।
-ओमप्रकाश उर्फ सोनू यादव, पूर्व सभासद
000000
शहर के सुराजी पोखरे पर सुंदरीकरण का काम शुरू हो चुका है। दो करोड़ की लागत से इस पोखरे को सुंदर व सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। यहां सीढ़ी, पॉथवे, ओपन जिम, फूल-पौधे, बच्चों के खेलकूद के लिए झूले इत्यादि, पेयजल व टॉयलेट-यूरिनल ब्लॉक, हाईमास्ट व सोलर लाइट आदि की व्यवस्था होगी। सीसी सड़क का निर्माण होगा।
-विनय जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका, पडरौना