संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। स्थानीय थाना क्षेत्र के गाजीपुर (नौका टोला) निवासी एक किशोर पर मनबढ़ों ने शुक्रवार की शाम धारदार हथियार हमला कर घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गांव के गाजीपुर नौका टोला निवासी राज पटेल उम्र 15 का गांव के युवकों से विवाद हो गया। विवाद के बाद आरोपियों ने किशोर के दरवाजे पर चढ़कर मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। घटना के वक्त किशोर के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। तब तक हमलावर वहां से भाग निकले। घायल किशोर को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रविंद्रनगर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर तमकुहीराज अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।