कसया। नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा से कुशीनगर भिक्षु संघ के सचिव भंते डॉ. नंद रतन थेरो और तिब्बती मंदिर के भंते कंचुक लामा टैंगक्योंग ने भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर सम्मान प्रकट किया। भिक्षु संघ के मंत्री एवं पूर्व अध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध संस्थान, लखनऊ, भंते डॉ. नंद रतन ने दलाई लामा को कुशीनगर आगमन का औपचारिक निमंत्रण दिया। शनिवार को श्रीलंका बुद्ध विहार में आयोजित बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि कुशीनगर भिक्षु संघ के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत भदंत ज्ञानेश्वर की जयंती पर 10 नवंबर 2026 को आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया गया है। मुलाकात के दौरान दलाई लामा ने दोनों भंते को तिब्बती परंपरा के अनुसार ‘खाता’ पहनाकर सम्मानित किया और अपना आशीर्वाद प्रदान किया। यह भेंट वार्ता सौहार्दपूर्ण और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुई।