बदमाश ने न्यायालय में किया समर्पण
गुरवलिया बाजार (कुशीनगर)। जिले में पशु तस्करों के खिलाफ अभियान से परेशान टॉप -10 में शामिल बदमाश संतोष ने न्यायालय में समर्पण कर दिया। पुलिस का दावा है कि एनकाउंट के डर से वह कोर्ट में अर्जी देकर जेल चला गया। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उसकी तलाश में सात दिनों के भीतर करीब 10 बार पुलिस की दबिश पड़ी थी।
गोरखपुर से पशुओं को लादकर बिहार होते हुए बंगाल तक तस्करी करने वाले तस्करों के खिलाफ डीआईजी जे. रविंद्र गोंड ने सघन अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गोरखपुर शहर में पशु तस्करी करने वाले अधिकांश आरोपी कुशीनगर जनपद के रहने वाले हैं। इस लिए उनकी तलाश में पुलिस टीम बनाकर कार्रवाई में जुटी है। बसडीला पांडेय और छहू गांव में पुलिस की टीम लगाकर दबिश दे रही है। पुलिस की ओर से खोजे जाने के बाद हिस्ट्रीशीटर संतोष यादव ने मंगलवार को कसया न्यायालय में समर्पण कर दिया। न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। संतोष यादव के अलावा कई अन्य पशु तस्कर पुलिस के निशाने पर हैं।
इस संबंध में सीओ सदर कुंदन सिंह ने बताया कि पशु तस्करों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का दबाव पड़ने पर संतोष यादव ने कोर्ट में समर्पण कर दिया है। उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।