तमकुहीराज स्थानीय थाना क्षेत्र के चखनी दुखी मिश्र गांव में छठ घाट के विवाद को लेकर जुटे लोग।स्र
- चखनी दुखी मिश्र गांव के छठ पूजन के लिए बनी वेदियों को ठेकेदार ने हटा दिया था
- शाम तक चले खींचतान के बाद वापस रखवाई गई छठ वेदियां
तमकुहीराज। चखनी दुखी मिश्र गांव में स्थित छठ पूजा स्थल पर बने वेदियों को मंगलवार रात को सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार ने हटा दिया था। इसकी जानकारी होने पर बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस व प्रशासनिक टीम को हंगामे को शांत कराने में मशक्कत करनी पड़ी। देर शाम को प्रशासन ने वेदियों को वापस पुराने स्थान पर रखवाया। इसके बाद मामला शांत हो सका।
तमकुहीराज के चखनी दुखी मिश्र गांव से कुछ दूरी पर करीब 25 वर्षों से बने छठ घाट पर लोग पूजा करते हैं। तमकुहीराज-सिसवा सड़क निर्माण के समय ठेकेदार ने मंगलवार को छठ वेदियों को सड़क से हटाकर किनारे कर दिया था। कुछ देर बाद दूसरे वर्ग के कुछ लोगों ने उसे हटाकर दूसरी जगह रख दिया। बुधवार को सुबह जब लोगों ने देखा तो यह खबर फैल गई और गांव की रामेश्वरी देवी, सरोज, अनीता, रमावती देवी, पुष्पा, अनीता देवी, दुर्गावती देवी, किसनावती, सरिता, नागिया देवी, गायत्री, संजीव, अमर, रविंद्र और अन्य ग्रामीण काफी संख्या में एकत्र हो गए। वे छठ वेदी को उसी स्थान पर लाने लगे। इस पर दूसरे वर्ग के लोगों ने यह कहकर रोक दिया कि यह जमीन उन लोगों की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दूसरे वर्ग के लोग स्वयं ही गंडक नहर की जमीन में काबिज है और छठ पूजा स्थल पर भी कब्जा करना चाहते हैं। गांव का माहौल बिगड़ता देखकर किसी ने एसडीएम तमकुहीराज को जानकारी दी। एसडीएम विकास चंद्र ने राजस्व टीम और पुलिस को मौके पर भेजा। राजस्व टीम ने शाम तक मौके की पैमाइश कर छठ वेदियों को उनके पूर्व के स्थान पर रखवाया। तब जाकर लोग शांत हुए। एसडीएम तमकुहीराज विकास चंद्र ने बताया कि छठ पूजा पूर्व निर्धारित स्थान पर ही होगी। पूजा में कोई समस्या उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।