महाराणा प्रताप नगर में कब्र की खोदाई कराते तहसीलदार कप्तानगंज दिनेश कुमार सिंह।
मथौली। सास और बहू के विवाद के दौरान बच्चे की मौत के मामले में डीएम के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने कब्र खोदकर शव निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
दस दिन पहले कप्तानगंज थाना के नगर पंचायत मथौली के महाराणा प्रताप नगर निवासी पुष्पा देवी पत्नी देवचंद प्रजापति का किसी बात पर अपनी सास से विवाद हो गया। मारपीट के दौरान पुष्पा के दो साल के बेटे के सिर पर चोट लग गई। परिजन उसे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए। डाक्टरों ने हालत गंभीर बताकर इलाज करने से मना कर दिया। बच्चे को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाया गया। वहां पर डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घर वाले शव लेकर घर आए और श्मशान घाट पर दफना दिया।
उधर, बच्चे की मां पुष्पा देवी ने कप्तानगंज पुलिस को तहरीर देकर सास पर बच्चे की पिटाई कर हत्या का आरोप लगाया। इसको लेकर परिवार के सदस्यों में पंचायत भी हुई। लेकिन, पुष्पा देवी नहीं मानीं। पुलिस ने डीएम को पत्र लिखकर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दफनाए गए शव को निकाल कर पोस्टमार्टम कराने की अनुमति मांगी थी। डीएम के निर्देश पर तहसीलदार दिनेश कुमार सिंह और पुलिस की मौजूदगी में दोपहर 2:30 बजे खोदाई कर शव को निकाला गया। तहसीलदार दिनेश कुमार सिंह ने बताया डीएम के निर्देश पर शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।