कप्तानगंज। कस्बे के अग्रहरि मोहल्ले में किराए के कमरे में 20 वर्षीय युवक का शव पंखे से लटकता मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धौरा तिवारी टोला निवासी तुफानी का बेटा सत्येंद्र साहनी (20) कस्बे के अग्रहरि मोहल्ले के किराए के कमरे में रहते थे। वह किसी प्राइवेट टेलीकॉम कंपनी में कार्य करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे कमरे का फाटक बंद होने मकान मालिक गुड्डू अग्रहरि ने आवाज दी। भीतर से कोई हरकत नहीं होने पर उन्होंने सत्येंद्र के बड़े भाई हरि साहनी को कॉल से सूचना दी। किसी अनहोनी की आशंका में परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस पहुंची तो दरवाजा तोड़कर भीतर गई। कमरे में चद्दर से पंखे के सहारे सत्येंद्र का शव लटका हुआ था। जिस कमरे में शव मिला, वहां देसी शराब की बोतल और नशीला पदार्थ मिला है। दो भाइयों में सत्येंद्र छोटे थे। अभी उनकी शादी नहीं हुई थी।
इस संबंध में एसएचओ अनिल कुमार उपाध्याय ने बताया कि खुदकुशी का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।