मेडिकल कॉंलेज में घायलों से जानकारी लेते एसडीएम। संवाद
पडरौना (कुशीनगर)। कोतवाली क्षेत्र के बसहिया बनवीरपुर गांव में सोमवार को शादी समारोह के लिए टेंट लगाते समय लोहे का पाइप हाईटेंशन बिजली के तार से छू गया। इससे करंट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे मजदूरों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद शादी समारोह की तैयारियों के बीच उदासी छा गई। जानकारी के मुताबिक बसहिया बनवीरपुर में मैनुद्दीन की बेटी की बरात सोमवार की रात आने वाली थी। सुबह से ही घर के सामने खेत में टेंट लगाया जा रहा था। जिस खेत में टेंट लग रहा था, उसके ऊपर से हाईटेंशन बिजली का तार गुजरा हुआ है। इस बीच टेंट का पाइप बिजली के तार से छू गया। करंट उतरने से पाइप पकड़े बसहिया नौका टोला निवासी मुबारक (36) और बसहिया पिपरा टोला निवासी मुस्तफा (20) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी मदद कर रहे मोसाहब (30) निवासी पिपरा बसहिया और नूर मोहम्मद (18) निवासी बसहिया नौका टोला गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की जानकारी पर गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। मजदूरों के घर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम ब्यास नारायण उमराव, सीओ पडरौना अभिषेक प्रताप अजेय और कोतवाल रवि राय ने घटना की जानकारी ली। मेडिकल कॉलेज से घटनास्थल तक पुलिस सतर्क रही। इस हादसे के बाद गांव में उदासी छा गई। लोगों ने मजदूरों के परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग प्रशासन से की है।