भूमि विवाद में मारपीट दस लोग घायल
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के लक्ष्मीपुर उर्फ कुर्मीपट्टी गांव में सोमवार को भूमि विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष से चार महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से भी दो लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
लक्ष्मीपुर उर्फ कुर्मी पट्टी निवासी जीउत गुप्ता और जंगी निषाद के बीच जमीन के लिए काफी दिनों से विवाद है। सोमवार को लगभग दस बजे उसी भूमि पर जीउत की ओर से दीवार का निर्माण कराया जा रहा था। दूसरे पक्ष के जंगी निषाद ने एतराज जताकर दीवार का निर्माण कार्य रोकने को कहा। दोनों पक्षों के आमने-सामने पर होने पर मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने लाठी- डंडा लेकर एक दूसरे पर हमला बोल दिया। मारपीट में एक पक्ष के जीउत, मुरारी, फागू, नौमी, बिंदा, सुगी, पूजा, सुनीता तथा दूसरे पक्ष के जंगी और मंजेश घायल हो गए।
घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी कोटवा ले गई। वहां सुनीता की हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज और अन्य को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इस संबंध में नेबुआ नौरंगिया के एसएचओ दिनेश तिवारी ने बताया की मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।