पडरौना। मौसम का मिजाज शुक्रवार को बदला रहा। सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहने से तापमान करीब तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। इसके चलते कई दिनों से गर्मी की मार झेल रहे लोगों ने राहत महसूस की।
एक अप्रैल से तापमान दिन पर दिन चढ़ने लगा था। बृहस्पतिवार को अधिकतम 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। लेकिन, शुक्रवार की सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाने और 14 किलोमीटर घंटे की गति से पुरवा हवा चलने से अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस गिरकर 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज नहीं की हगई। मौसम के तापमान में गिरावट होने और पूरवा हवा चलने की वजह से बीते कई दिनों से गर्मी से परेशान लोगों ने राहत महसूस की। कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम विज्ञानी श्रुति वी सिंह ने बताया कि अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही मई व जून की तरह गर्मी पड़ने लगी थी। इसकी वजह से वायुमंडल में बदलाव हुआ है। शुक्रवार को मौसम का अधिकतम 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शनिवार और रविवार को जिले के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।